सुल्तानपुर। मानसूनी बारिश के इंतजार के बीच शनिवार की रात अचानक कुछ क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिल गई। मौसम विभाग ने जिले में करीब दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की है। हालांकि बारिश के बाद सुबह से बढ़ी उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे के बाद अचानक बादल छा गए। थोड़ी ही देर में गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ कुछेक हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। थोड़ी देर तक कुछ क्षेत्रों में हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। हल्की बारिश से लोगों को रात में गर्मी से कुछ राहत मिल गई।
मौसम विभाग ने जिले के कुछ हिस्सों में हुई बारिश दो मिलीमीटर दर्ज की है। रात की बारिश के बाद रविवार की सुबह से धूप फिर निकलने से उमस बढ़ गई। तेज धूप व उमस से लोग दिनभर गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उत्तरी-पश्चिमी हवा की गति 5.1 किमी रही। बताया कि अगले चौबीस घंटे में प्रदेश में हल्के बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना है।