सुल्तानपुर। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं संचालित होंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन अंग्रेजी माध्यम से संचालित कराए जाने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत राजकीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से एक-एक सेक्शन प्रत्येक कक्षा में संचालित किए जाने के लिए शासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजे गए पत्र में राजकीय इंटर कॉलेज का चयन व अंग्रेजी माध्यम से पढ़े हुए शिक्षकों को चिह्नित कराए जाने का निर्देश दिया है। राजकीय इंटर कॉलेज में अंग्रेजी माध्यम से प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन चलाया जाएगा। विद्यालय के चयन में छात्र संख्या, विद्यालयों में अवस्थापना सुविधा, अन्य सुविधाओं की उपलब्धता, बिजली, पानी, प्रशाधन की व्यवस्था का ध्यान रखा जाएगा।
अंग्रेजी माध्यम से पढ़े हुए शिक्षकों की मैपिंग भी कराई जाएगी, ताकि कक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। अंग्रेजी माध्यम से कक्षाएं संचालित कराने के लिए अपर शिक्षा निदेशक अंजना गोयल की ओर से पत्र जारी किया गया है। सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरजे मौर्य ने बताया कि अंग्रेजी माध्यम से कक्षाएं संचालित कराए जाने के लिए शासन की ओर से पत्र आया है।
जिले के सभी 25 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के एक-एक शिक्षक को कॅरिअर गाइडेंस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मनोविज्ञान के शिक्षक को वरीयता दी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रत्येक विद्यालय के ट्रेनिंग लेने वाले शिक्षक के संबंध में सूचना मांगी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक को 22 फरवरी तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में जाने वाले शिक्षकों को नामित करते हुए सूचना भेजनी होगी।