फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: झटका मशीन के करंट से कक्षा नौ के छात्र की मौत

Wed, 22 Jul 2026 12:05 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
रोते बिलखते छात्र के परिजन
विज्ञापन
लंभुआ। सबसुखपुर गांव में मंगलवार पूर्वाह्न खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। घर से महज 100 मीटर की दूरी पर हुए हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्राथमिकी दर्ज कर स्थानीय पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन

सबसुखपुर निवासी हरि श्याम पाठक का पुत्र अंश (14) महमूदपुर स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह घर के पास स्थित दुकान से सामान खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। तभी उसकी साइकिल फिसल गई और वह सड़क किनारे खेत में लगी लोहे की तार पर जा गिरा। ग्रामीणों के अनुसार खेत में फसल को पशुओं से बचाने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी, जिसके तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। तार के संपर्क में आते ही अंश गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद एक अन्य किशोर ने अंश को छटपटाता देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली का प्रवाह बंद कराया और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि भू-स्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


हर साल जान गंवा रहे लोग
सुल्तानपुर। फसलों को पशुओं से बचाने के लिए खेतों में झटका मशीन और करंट प्रवाहित तार लगाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में लापरवाही कई बार जानलेवा साबित होती है। चांदा के प्रतापपुर कमैचा गांव में गत तीन जनवरी को खेत से लौट रहीं निर्मला यादव की झटका मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। गत वर्ष 15 मई को बल्दीराय के सिंघनी निवासी हरीराम पासी की झटका मशीन में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वहीं करीब एक वर्ष पहले दखिनवारा गांव निवासी सुशील कुमार उर्फ बबन की झटका मशीन से करंट लगने से मौत हो गई थी।

एक दिन पहले दिल्ली से आया था अंश
लंभुआ। हरि श्याम पाठक दिल्ली में फेरी का छोटा व्यवसाय करते हैं। कुछ दिन पहले पत्नी आरती, बेटा ऋतिक व अंश दिल्ली गए हुए थे। सोमवार को ही पत्नी आरती व दोनों बेटे गांव आए थे। मंगलवार को परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे। उसी समय किसी काम से अंश दुकान पर कुछ सामान खरीदने चला गया था। इसी बीच यह हादसा हो गया।

नहीं लगा सकते झटका मशीन
लंभुआ के सबसुखपुर में छात्र के मौत की जानकारी मिली है। खेत में झटका मशीन लगाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। समय-समय पर जांच कर कार्रवाई की जाती है।
- राजपति शुक्ल, जिला कृषि अधिकारी
..........
हादसे की कराई जाएगी जांच
झटका मशीन डीसी करंट से संचालित होती है। यदि किसी किसान ने मशीन को सीधे बिजली करंट से जोड़ लिया है तो वह विद्युत चोरी की श्रेणी में आएगा। सबसुखपुर गांव में हुए हादसे की जांच कराई जाएगी। मामला सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। -रितेश्वर बंधु, अधिशासी अभियंता, विद्युत

रोते बिलखते छात्र के परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें