सुल्तानपुर। ग्रीष्मावकाश के बाद बृहस्पतिवार से परिषदीय विद्यालय खुल जाएंगे। अब तक यूनिफार्म व किताबों की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ऐसे में बच्चों को बिना यूनिफॉर्म और किताब-कॉपी के ही स्कूल जाना होगा। भीषण गर्मी व तेज धूप भी बच्चों की परेशानी बढ़ाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में इस बार ग्रीष्मावकाश 41 दिन के बजाय 27 दिन कर दिया गया था। इन दिनों तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही चल रहा है। ज्यादातर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी है। बिना पंखे के कमरे में बैठना मुश्किल भरा काम है। वहीं जिले के 2064 में से 875 परिषदीय विद्यालयों में अभी भी फर्नीचर की व्यवस्था नहीं है। गर्मी में तपती टाइल्स व फर्श पर टाट-पट्टी पर बैठकर विद्यार्थियों को पढ़ना पड़ेगा।
छात्र-छात्राओं के लिए इस शिक्षा सत्र में न पाठ्य पुस्तकों की व्यवस्था हो पाई है और न ही यूनिफॉर्म की। पाठ्य पुस्तकों का क्रय आदेश अभी तक जारी ही नहीं हुआ है। वहीं यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी प्रक्रिया भी नहीं शुरू हो पाई है। बीएसए ने सभी विद्यालयों की साफ-सफाई खुलने के एक दिन पूर्व कराए जाने का निर्देश दिया था लेकिन ज्यादातर विद्यालयों में अव्यवस्था व गंदगी देखने को मिली। कई विद्यालयों में बुधवार को ताला लटका पाया गया।
कंपोजिट विद्यालय कुड़वार प्रथम में गंदगी देखने को मिली। साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट देखी गई। बीएसए के आदेश के बाद भी कुड़वार विकास क्षेत्र के ज्यादातर विद्यालयों में ताले लटके पाए गये। कहीं भी साफ-सफाई के लिए विद्यालय खुला नहीं मिला।
कादीपुर क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम मॉडल प्राथमिक विद्यालय कटघरा नरायनपारा में शिक्षण कक्षों में ताला लटका पाया गया। परिसर में पेड़-पौधों की पत्तियां एवं टहनियां गिरी हुई दिखीं। कोई सफाई कर्मी नहीं दिखा। परिसर में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य जारी रहा।
लंभुआ विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पंडितान बस्ती सैतापुर सराय में तैयारी को लेकर कोई चहल-पहल नहीं दिखी। न कोई सफाई कर्मी दिखा और न ही कोई शिक्षक ही विद्यालय पहुंचा। बीएसए ने एक दिन पूर्व विद्यालयों में तैयारी कराने का निर्देश दिया था।
विद्यालयों का संचालन समय सुबह साढ़े सात से डेढ़ बजे तक निर्धारित है। बच्चे साढ़े सात से 12:30 बजे तक पढ़ेंगे। शिक्षक-शिक्षिकाओं को डेढ़ बजे तक स्कूल में रुकने का निर्देश दिया गया है।
-दीवान सिंह यादव, बीएसए