बल्दीराय (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र के तौधिकपुर गांव में कार्डधारकों को वितरित किए जाने वाले राशन की कालाबाजारी का मामला पकड़ा गया है। आपूर्ति निरीक्षक की ओर से की गई जांच में गेहूं, चावल और चीनी का स्टॉक कम पाया गया है। डीएम की अनुमति के बाद आरोपी समिति के प्रभारी सचिव के खिलाफ आपूर्ति निरीक्षक ने हलियापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
बल्दीराय तहसील के तौधिकपुर गांव के कोटे के राशन का वितरण साधन सहकारी समिति हलियापुर के सचिव अनिल सिंह की ओर से किया जाता है। ग्राम प्रधान राम भारत ने पिछले दिनों सचिव अनिल सिंह के खिलाफ राशन वितरण न करने की शिकायत की थी। जांच में अप्रैल, मई व जून का राशन 91.37 क्विंटल गेहूं, 63.03 क्विंटल चावल और 1.83 क्विंटल चीनी का स्टॉक कम पाया गया है।
सचिव से कम स्टाक के बारे में पूछा गया तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जांच में सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली के तहत कार्डधारकों को सस्ती दर पर राशन वितरित किया जाना नहीं पाय गया। आपूर्ति निरीक्षक बल्दीराय अरुण कुमार ने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी से अनुमति मांगी गई थी।
जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद आरोपी प्रभारी सचिव अनिल सिंह के खिलाफ हलियापुर थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।