लंभुआ। गोमती नदी के किनारे चौपरिया गांव में मंगलवार सुबह भवनपुर निवासी ज्ञानवती (26) का शव पेड़ की डाल से तार के फंदे से लटका मिला। घर से 25 मीटर दूर मिले शव की पहचान परिजन ने की। ज्ञानवती आठ दिन पहले घर से लापता हुई थीं।
भवनपुर निवासी मुक्ता देवी के मुताबिक 22 सितंबर को दिन में एक बजे उनकी पुत्री ज्ञानवती देवी इलाज के लिए दियरा बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद नहीं लौटी तो संभावित रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई। बुधवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट स्थानीय कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। उधर, दियरा पुल के पहले नाले के बगल मंगलवार को उनका शव मिला। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पिता व बहन की पहले हो चुकी है मौत
लंभुआ। ज्ञानवती छह भाई-बहन थे। करीब नौ वर्ष पहले पिता राम मूरत निषाद का शव मोतिगरपुर के दियरा मंदिर की तरफ मिला था। बाद में उनकी एक बहन निर्मला देवी की अस्वाभाविक मौत हुई थी। परिजन उसे बीमारी से होना बता रहे हैं। बड़ी बहन पूनम (30) की शादी हो चुकी है। छोटा भाई बृजेश (24) मुंबई में समुद्री नाव पर काम करता है। छोटी बहन संतराजी (20) व भाई दुर्गेश (14) ज्ञानवती की मौत से सदमे में हैं। (संवाद)