अलीगंज। पयागीपुर में मंगलवार भोर एचटी लाइन की मुख्य आपूर्ति में फॉल्ट आने से असरोगा उपकेंद्र की बिजली छह घंटे ठप रही। जिससे असरोगा उपकेंद्र के धम्मौर, बंधुआकला, दाउदपुर, कुड़वार और मझना फीडर प्रभावित हुए। इन फीडरों से जुड़े सैकड़ों गांवों के करीब दो लाख उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
फॉल्ट मंगलवार भोर 3:30 बजे आया। उपकेंद्र की आपूर्ति ठप होने से पांचों फीडर बंद हो गए। बिजली सुबह 10 बजे बहाल हुई। जिससे लोगों को राहत मिली। एसडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मुख्य आपूर्ति में फॉल्ट से उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हुई थी। सुबह के समय बिजली आपूर्ति ठप रहने से पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। घरेलू कामकाज भी बाधित हुए।
पांच दिन से बिजली गुल, पांच हजार आबादी बेहाल
धम्मौर। परवरभार और बाबाजी का पुरवा में बारिश में पेड़ गिरने से पोल व तार टूट गए। इससे पांच दिन से बिजली आपूर्ति बंद है। मंगलवार तक करीब पांच हजार ग्रामीण बिना पंखे-कूलर के उमस में रहने को मजबूर रहे। मोबाइल चार्ज करने और जरूरी उपकरण चलाने में भी दिक्कत हुई। अवर अभियंता सचिन यादव ने बताया कि मरम्मत चल रही है और बुधवार तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।