गोसाईगंज के खरगपुर गांव में घटनास्थल पर इकट्ठा ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
गोसाईगंज। खरगपुर स्थित एक घर के कमरे में गांव निवासी बैजनाथ की पत्नी सीमा जायसवाल (40) का शव मंगलवार सुबह चटाई पर पड़ा मिला। चेहरे के पास चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मूल रूप से जासापारा निवासी सीमा जायसवाल हाईवे के किनारे खरगपुर स्थित अपने घर में रह रही थीं। मंगलवार सुबह एक कमरे में चटाई पर शव पड़ा मिला। उनके पांच बच्चे हैं। पति बैजनाथ ने बताया कि सोमवार रात घर पर नहीं थे। पत्नी एक कमरे में थीं, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। है। मृतका का मयका लंभुआ के डकाही गांव में है। घटना की जानकारी दे दी गई है। गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंडदेव मिश्र ने बताया कि पति बैजनाथ की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सीमा के पति बैजनाथ कैटरिंग का काम करते हैं। घर में उनकी बड़ी बेटी लक्ष्मी (14), शिवानी (10), रूबी (8), बेटा शिवा (5) और नंदनी (2) हैं। मां की मौत से बच्चे सदमे में हैं। (संवाद)