सुल्तानपुर। सऊदी अरब में जिले के दो लोगों की मौत के बाद शव जल्द उनके परिजनों को मिल जाएंगे। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने दोनों मामलों में अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर दिया है।
कादीपुर कस्बा निवासी समाजसेवी अब्दुल हक ने बताया कि दोनों परिवार अपने परिजनों के शव भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे थे। धननपतगंज के सरैया भरथी निवासी नंदलाल पाल (52) रोजगार की तलाश में वर्ष 2016 में सऊदी अरब गए थे। वहां एक मामले में उन्हें हिरासत में लिया गया था। 22 सितंबर को उनके परिवार को जेल से फोन करके नंदलाल के मौत की सूचना दी गई थी।
वहीं बंधुआकलां के हसनपुर गांव निवासी नाजिम के बेटे अब्दुल कादिर (26) की 24 सितंबर को सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दोनों मामलों में विदेश मंत्रालय और रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों से संपर्क कर लगातार पैरवी की गई है। उन्होंने दोनों के शव घर पहुंचने में कम से कम चार-पांच दिन का समय लग सकता है।