लंभुआ (सुल्तानपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए हर गांव में अधिकारी पहुंच कर चौपाल लगा रहे हैं। अपात्रों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
शनिवार को परियोजना निदेशक राम उदरेज यादव ने शिवगढ़ गांव में चौपाल लगाई थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण दलाल के चक्कर मे न पड़ें। पात्रों को आवास के लिए एक रुपया भी नहीं देना पड़ेगा।
शिवगढ़ गांव में आवास योजना की एक महिला आवेदक ने 10 हजार रुपये रिश्वत लिए जाने का आरोप लगाया था। जांच के लिए रविवार को ग्राम विकास अभिकरण के पीडी राम उदरेज यादव गांव पहुंचे। प्राथमिक विद्यालय पर चौपाल में उन्होंने कहा कि आवास योजना में अब धांधली नहीं चलेगी।
इसके लिए गांव-गांव जाकर पात्रों का चयन किया जाएगा। चौपाल के दौरान महिला लाभार्थी ने किसी बैंक फ्रेंचाइजी के जरिए 10 हजार रुपये खाते से निकाले जाने की बात बताई। हालांकि, वह उस फ्रेंचाइजी संचालक की पहचान नहीं कर सकी।
इसके बाद गरयें गांव में भी चौपाल लगाई गई। चौपाल में सूची बद्ध लोगों की पहचान उजागर की गई। पीडी ने बताया कि गरये गांव में कम संख्या में अपात्र मिले हैं। बीडीओ डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थी को एक लाख 20 हजार की रकम नकद दी जाएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।