कलेक्ट्रेट में चुनाव के दौरान की जा रही बैरिकेडिंग।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। एक फरवरी से शुरू होने वाली विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए कलेक्ट्रेट में तैयारियां शुरू हो गई हैं। नामांकन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने पांच राजस्व अदालतों को अधिग्रहीत किया है।
एएसडीएम अदालत में इसौली, जिलाधिकारी अदालत में सुल्तानपुर, एडीएम प्रशासन की अदालत में सदर, सीआरओ की अदालत में लंभुआ व एडीएम वित्त की अदालत में कादीपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र का नामांकन किए जा सकेंगे। नामांकन के लिए एसडीएम बल्दीराय वंदना पांडेय को इसौली, एसडीएम सदर सीपी पाठक को सुल्तानपुर, एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार को सदर, एसडीएम कादीपुर महेंद्र को कादीपुर व एसडीएम लंभुआ महेंद्र श्रीवास्तव को लंभुआ विधानसभा क्षेत्र का निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही तहसीलदारों को एआरओ बनाया गया है। नामांकन को देखते हुए शुक्रवार की रात से कलेक्ट्रेट में बैरिकेडिंग शुरू हो गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी प्रसाद ने बताया कि पांचों राजस्व अदालतों की बैरिकेडिंग की जा रही है। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भीड़ प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ को रोकने के लिए परिसर व बाहर बड़ी संख्या में पुलिस लगाई जाएगी।