सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फरीदीपुर के पास शनिवार की सुबह जीप को टक्कर मारने के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवक पर पलट गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दुर्घटना में ट्रक चालक भी घायल हुआ है।
अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के शंकरगढ़ मढ़ौना निवासी बबलेश शर्मा (22) के यहां शादी पड़ी है। वह शनिवार की सुबह गोसाईंगंज क्षेत्र के बासूपुर में रिश्तेदार के यहां शादी का कार्ड देने गया था। कार्ड देने के बाद बबलेश बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में फरीदीपुर के पास बबलेश बाइक को हाईवे किनारे खड़ी कर किसी काम से उतरा। तभी प्रयागराज से अयोध्या की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक, जीप को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े बबलेश पर पलट गया। स्थानीय लोगों ने मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मंगाकर ट्रक के नीचे फंसे बबलेश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने युवक के परिवारीजनों को सूचित किया। दुर्घटना में ट्रक चालक भी घायल हुआ है। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। ट्रक की टक्कर से जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई है।