जीआईसी के बगल मार्केट में छत पर हो रहा निर्माण कार्य। -संवाद
सुल्तानपुर। जीआईसी के बगल में बने नगर पालिका के इंदिरा मार्केट के प्रथम तल पर हो रहे अवैध निर्माण पर स्थानीय दुकानदारों ने विरोध जताया। मामले की शिकायत डीएम से की गई। शिकायत के बाद नगर पालिका के अधिकारियों ने अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है।
शहर के जीआईसी के बगल में नगर पालिका की ओर से बनवाए गए इंदिरा मार्केट में कुछ दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है यहां दुकान का निर्माण करवाया जा रहा था। इस निर्माण कार्य का स्थानीय दुकानदार इंद्र कुमार मिश्र समेत अन्य लोगों ने विरोध किया।
उनका आरोप है कि इंदिरा मार्केट के प्रथम तल पर कुछ लोग बिना विनियमित क्षेत्र से नक्शा पास कराए गलत तरीके से दुकान का निर्माण करवा रहे हैं। पुरानी दुकानें काफी जर्जर हैं। उन पर निर्माण कराना संभव नहीं है।
स्थानीय दुकानदारों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य पर रोक लगवाते हुए प्रकरण की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि दुकान के निर्माण का नक्शा विनियमित क्षेत्र से स्वीकृत नहीं था। इस वजह से निर्माण कार्य पर रोक लगवा दी गई है।