बंधुआकलां के गांजी खां मोहल्ले के कब्रिस्तान में मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अमला ।
बंधुआकलां (सुल्तानपुर)। बंधुआ कस्बे के गाजी खां मोहल्ले में 22 फरवरी को संदिग्ध हालात में अयान (22) की मौत के मामले में दोबारा जांच शुरू हो गई है। डीएम के आदेश पर अयान का शव शुक्रवार को कब्र से निकालकर फिर से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अयान की मां का आरोप है कि प्रेम प्रसंग में उनके बेटे की हत्या कर दी गई है।
गाजी खां मोहल्ला निवासी अयान का शव घर में ही फंदे से लटका पाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजन ने युवक के शव को दफना दिया गया था। युवक अपने दिव्यांग पिता अतीक के साथ गांव में रहता था। मां नफीसा चंडीगढ़ में रोजगार के सिलसिले में रहती है। अयान की बड़ी बहन मुस्कान का विवाह हो चुका है।
मां नफीसा ने अपने पुत्र अयान की हत्या का आरोप लगाकर डीएम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। शुक्रवार को एसडीएम विपिन द्विवेदी, थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, प्रधान प्रतिनिधि मेहताब आलम की मौजूदगी में अयान के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य कदम उठाया जाएगा।