सुल्तानपुर। धनपतगंज क्षेत्र में भूमि विवाद के दौरान रविवार की सुबह पिता-पुत्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में घायल पिता-पुत्र को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बेटे की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यह घटना क्षेत्र के बेनीपुर में हुई। गांव की रहने वाली केश कुमारी और त्रिवेणी प्रसाद के बीच भूमि विवाद चल रहा है। आरोप है कि रविवार की सुबह केश कुमारी ने अपने बेटे के साथ मिलकर त्रिवेणी प्रसाद की दीवार को गिराना शुरू कर दी। त्रिवेणी प्रसाद और उनके बेटे रवि कांत ने इसका विरोध किया तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल पिता-पुत्र को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रविकांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।