सुल्तानपुर। कोरोना संक्रामित महिला के शव का अंतिम संस्कार कराने पहुंचे दो सिपाहियों की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। इसके साथ एंबुलेंस और पुलिस कर्मी की बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने घायल सिपाही की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लंभुआ क्षेत्र के नटौलिया गांव निवासी श्रीराम मिश्र की पत्नी उर्मिला (42) की तबीयत पिछले दिनों खराब हो गई थी। परिवारीजनों ने उर्मिला को जिला मुख्यालय के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया था। कोरोना संक्रमित निर्मला की शनिवार को मौत हो गई। निर्मला का शव लेकर एंबुलेंस कर्मी गोमती नदी के किनारे पापर घाट पहुंच गए। इसके पहले एंबुलेंस की सुरक्षा के लिए पीआरवी पर तैनात सिपाही हरीश चौधरी व शहाबुद्दीन को भेजा गया। घाट पर महिला के शव को उतार कर जब एंबुलेंस कर्मी व सिपाही लौट रहे थे, तभी कुछ युवकों ने दोनों सिपाहियों को रोककर उनकी पिटाई कर दी। इसके साथ ही बाइक व एंबुलेंस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना के बाद जब तक लंभुआ थाने से पुलिस पहुंची आरोपी फरार हो चुके थे। कोतवाल सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि घायल सिपाही की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।