लंभुआ (सुल्तानपुर)। घनी आबादी में मौजूद बॉब के एटीएम के शटर को मंगलवार की रात शरारती तत्वों ने उठा दिया। बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने शटर को एक तरफ उठा देखा तो पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो सब कुछ दुरुस्त मिला।
लंभुआ कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा व बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की स्थानीय शाखाएं घनी आबादी में आमने-सामने हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में ही बाहर की तरफ एक एटीएम भी लगा हुआ है। बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने एटीएम का शटर एक तरफ उठा देखा तो अनहोनी की आशंका से पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल नर्वदेश्वर तिवारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से एटीएम का एक तरफ उठा शटर बंद कराया व केयरटेकर की प्रतीक्षा की। बाद में पुलिस की मौजूदगी में एटीएम खोला गया तो सब कुछ दुरुस्त मिला। इस पर पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाल ने बताया कि एटीएम के शटर का एक तरफ का लॉक टूटा हुआ है। किसी शरारती तत्व ने शटर उठा दिया होगा। (संवाद)