सुल्तानपुर। मोतिगरपुर क्षेत्र में तीन दिन पूर्व संदिग्ध हालात में नाले में मृत मिले युवक की हत्या पैसों के लेनदेन में की गई थी। यह खुलासा पुलिस ने युवक की हत्या के पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को लिया। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है।
दियरा निवासी विनोद तिवारी मंगलवार की शाम घर से कुछ दूर नाले में संदिग्ध हालात में मृत पाया गया था। विनोद सुबह घर से निकला था। वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू की। विनोद का शव नाले में मिला। उसके शरीर पर चोट और जलने के निशान थे। इस दौरान पता चला कि खैरहा गांव निवासी शत्रुघ्न निषाद व सूरज बाइक पर बैठाकर से विनोद को ले गए थे। पुलिस ने मृतक विनोद के भाई अजय तिवारी की तहरीर पर शत्रुघ्न निषाद, सूरज निषाद, कृष्ण देव, सोनू, मोनू व कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। थाना प्रभारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर पता चला कि विनोद तिवारी का आरोपियों से पैसे के लेनदेन का विवाद था। पैसा मांगने पर विनोद ने गाली-गलौज की थी। इसी से आक्रोशित होकर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी थी।