सुल्तानपुर। चोरी की गई सिंगल बैरल बंदूक के साथ सोमवार को कोतवाली नगर पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के ऊपर कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को काफी दिनों से उसकी तलाश थी।
अमहट हवाई पट्टी के पास से गिरफ्तार युवक की पहचान पूरे मतई अमहट निवासी अवधेश कुमार वर्मा के रूप में हुई। उसके पास 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बंदूक उसकी नहीं है। उसने 23 अक्तूबर की रात कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जोगीबीर के अंबेनगर निवासी अमित कुमार पांडेय के नकदी के साथ 12 बोर की लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक चोरी की थी। बंदूक को उसने अपने घर में ही छिपा कर रखा था। सोमवार को वह बंदूक को बेचने की फिराक में था। एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि अवधेश कुमार वर्मा वांछित था। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी। उस पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित था।