सुल्तानपुर। एंटी करप्शन टीम शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर घूस लेते पकड़े गए प्रधान लिपिक अजय यादव के कमरे की पड़ताल की। जिला विद्यालय निरीक्षक और स्टाफ से भी पूछताछ की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी पटल सहायकों के कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फरमान जारी किया है।
बीते मंगलवार दोपहर अयोध्या से आई एंटी करप्शन टीम ने प्रधान सहायक अजय यादव को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम करीब एक घंटे तक कार्यालय में रही।
एडीआईओएस जटाशंकर व अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। जिस दिन पकड़ा था, वहां अजय यादव के कमरे में लिपिक हरीश वर्मा भी थे, उनसे भी पूछताछ की गई है। कुछ कागजात के साथ टीम वापस चली गई। जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।