सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार प्रशासन ने बुधवार को एएनएम सेंटर को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया। जयसिंहपुर के जजरही गांव में करीब 30 लाख रुपये की लागत से एएनएम सेंटर व हेल्थ वेलनेस सेंटर का निर्माण कराया गया था।
स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने से पहले ही गांव के एक व्यक्ति व उसके बेटों ने भवन पर कब्जा कर अपने नाम की पट्टिका लगा दी। मामला एसडीएम जयसिंहपुर की कोर्ट में पहुंचा, जहां सुनवाई के बाद बेदखली का आदेश जारी किया गया। तहसीलदार मयंक मिश्रा, कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध कब्जा धारकों को हटा दिया।
इस दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। अब यह भवन प्रशासन के नियंत्रण में है। जल्द ही यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू किए जाने की संभावना है। (संवाद)