जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। परसा गांव निवासी लक्ष्मण की पत्नी शीला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर अपहृत पति को खोजने की गुहार लगाई है। हालांकि, मामला पुलिस की जांच से जुड़ा बताया जा रहा है।
शीला के मुताबिक, सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे कुछ लोग उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने पति को मारापीटा और गाड़ी से कहीं लेकर चले गए। बीच बचाव में बदमाशों ने उन्हें व उनके बच्चे को भी मारा पीटा। पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की।
पीड़िता के मुताबिक, उनके पति को अगवा कर लिया गया है। जयसिंहपुर कोतवाली में पूछताछ करने पर बताया गया कि उनके पति को अयोध्या जिले के कैंट थाना ले जाया गया है। शीला कैंट थाने पर गई, लेकिन उनके पति का पता नहीं चल सका। सीओ जयसिंहपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)