सुल्तानपुर। राजस्थान के जोधपुर में तैनात वायु सैनिक की उपचार के दौरान लखनऊ के कमांड अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई। रविवार को पार्थिव शरार गांव पहुंचा तो श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा।
जयसिंहपुर तहसील के बैजू का पुरवा भटपुरा निवासी प्रदीप कुमार पाठक 17 जून 2002 को भारतीय वायुसेना में सार्जेंट के पद पर भर्ती होकर 18 साल तक देश की सेवा की। करीब छह माह पहले प्रदीप कुमार पाठक बीमार हो गए।
तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से प्रदीप का 15 दिनों से लखनऊ स्थित सेना के कमांड अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिछली 21 नवंबर को प्रदीप जिंदगी की जंग हार गए। वायु सैनिक की मौत के बाद जोधपुर वायुसेना के ऑफिसरों ने लखनऊ यूनिट से संपर्क करके उनको गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ सैनिक वाहन से सम्मान के साथ गृह जनपद भेजा।
गांव में शव पहुंचते ही सैनिक को श्रद्धांजलि देने के लिए लोग उमड़ पड़े। मृत सैनिक के छोटे भाई कुलदीप पाठक अधिवक्ता हैं। उनके पिता कृष्णानंद पाठक इस घटना से दुखी हैं।
पुत्र वियोग में उनके आंसू थम नहीं रहे है। उनके परिवारीजन दयाशंकर पाठक, विद्यानंद पाठक, तेज बहादुर पाठक, राज बहादुर पाठक, रोहित पाठक का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत सैनिक की पत्नी कंचन पाठक व दो पुत्र शिवेंद्र विक्रम पाठक व रामेंद्र विक्रम पाठक हैं। सभी शोक में डूबे हैं।