सुल्तानपुर। खेत से घर लौट रहे बुजुर्ग किसान को रविवार की सुबह मछली लदी एक पिकअप ने रौंद दिया। बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन बुजुर्ग को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गोसैसिंहपुर गांव निवासी राम विशाल मिश्र (65) रविवार की सुबह करीब 10 बजे खेत से पैदल ही घर लौट रहे थे। गांव के पास ही मछली लदी एक पिकअप ने उन्हें रौंद दिया।
दुर्घटना के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चली गई। उसके बाद वाहन छोड़कर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। दुर्घटना में घायल राम विशाल को लेकर परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन बुजुर्ग को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।