सुल्तानपुर। लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के एयर स्ट्रिप के निरीक्षण में बुधवार को रंगाई-पुताई समेत अन्य कुछ खामियां पाई गई हैं। एयर मार्शल ने अधिकारियों को उसे जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने एक्सप्रेस-वे के कार्यों की समीक्षा भी की।
वायुसेना के एयर मार्शल डीके पटनायक बुधवार को लखनऊ-गाजीपुर एक्सप्रेस-वे पर कूरेभार के आगे गौरा के पास स्थित एयर स्ट्रिप का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने एयर स्ट्रिप का बारीकी से निरीक्षण किया। लड़ाकू विमानों को उतारने के लिए उसकी गुणवत्ता व तकनीक को परखा।
इस दौरान एयर स्ट्रिप में रंगाई-पुताई के अभाव समेत कुछ खामियां मिलीं। उन्होंने कार्यदायी संस्था के साथ अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे व एयर स्ट्रिप के कार्यों की समीक्षा भी की।
उन्होंने अधिकारियों को जल्द शेष कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को सितंबर माह में लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने की तैयारी चल रही है।
पीएम के संभावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए अधिकारी और सक्रिय हो गए हैं। एयर स्ट्रिप के निरीक्षण के समय जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र समेत संबंधित मौजूद रहे।