सुल्तानपुर। मीनूपुर गांव के पास सोमवार की रात एक बाइक अनियंत्रित होकर खाईं में पलट गई। दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाने के नेमपुर गांव निवासी प्रदीप धुरिया (22) और इसी गांव के सोम धुरिया (25) सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे बाइक से घर जा रहे थे। दोनों दोस्तपुर क्षेत्र के गोशैसिंहपुर-बनी संपर्क मार्ग पर स्थित मीनूपुर गांव के पास पहुंचे थे कि अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाईं में पलट गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उठाकर सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। घायल सोम धुरिया को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।