एडीओ पंचायत भुआल सिंह (फाइल फोटो)।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। टांडा-बांदा हाईवे पर शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर हाईवे किनारे खड्ड में पलट गई। इस हादसे में कार पर सवार बस्ती जिले के एडीओ पंचायत गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। एडीओ पंचायत को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना के बाद परिवार के लोग भी सीएचसी पहुंच गए।
यह हादसा हाईवे पर बहली भोजा का पुरवा गांव के पास हुआ। जौनपुर जिले के जमालापुर मड़ियाहूं निवासी भुआल सिंह (52) बस्ती जिले के सदर क्षेत्र में एडीओ पंचायत के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की सुबह भुआल सिंह बस्ती से कार चालक पवन कुमार निवासी पिपरा जिला बस्ती के साथ विभाग के काम से प्रयागराज जाने के लिए निकले थे। सुबह करीब छह बजे कार टांडा-बांदा हाईवे पर स्थित जयसिंहपुर क्षेत्र के बहली भोजा का पुरवा गांव के पास पहुंची थी कि अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में एडीओ पंचायत भुआल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक पवन कुमार बाल-बाल बच गया।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने भुआल सिंह को सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार चालक पवन ने दुर्घटना की सूचना बस्ती जिले के अधिकारियों के साथ ही उनके परिवारीजनों को भी दी। सूचना के बाद जौनपुर और बस्ती से लोग सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचे। सीएचसी पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि भुआल सिंह के परिवार में पत्नी रेखा सिंह और दो बच्चे हैं। बच्चों में एक बेटा और एक बेटी है।