सुल्तानपुर। सुल्तानपुर-वाराणसी हाईवे के दोमुंहा चौराहे पर सोमवार दोपहर गन्ना लादकर चीनी मिल जा रहे एक ट्रक के चपेट में आने से हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इस दौरान लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही की हादसे के समय बिजली नहीं थी।
स्थानीय लोगों ने तत्काल भदैंया उपकेंद्र पर फोनकर इसकी सूचना दी। इसके बाद ट्रक चालक ने वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर दिया। इससे करीब बीस मिनट तक भदैंया ब्लॉक मुख्यालय चौराहे के दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना के बाद पहुंची यूपी 112 पुलिस ने यातायात व्यवस्था को संचालित कर वाहनों का आवागमन चालू कराया। बाद में मौके पर पहुंचे लाइनमैनों ने टूटकर लटक रहे तार को हटाकर हाईवे पर आवागमन बहाल कराया।