मोतिगरपुर में सड़क की दुर्दशा पर श्रद्धांजलि करते आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी।
मोतिगरपुर। खस्ताहाल मोतिगरपुर-गोशैसिंहपुर मार्ग की दुर्दशा पर रविवार को आम आदमी पार्टी ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे लगे किमी पत्थर पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। सड़क के उखड़े हुए टुकड़ों को ‘अस्थि कलश’ के रूप में लाल कपड़े में बांधकर गोमती नदी में विसर्जित किया।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क की दुर्दशा पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि वर्षों से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई। इस मौके पर राकेश सिंह, दिलीप यादव, धर्मराज सिंह, रमाशंकर, कुलदीप यादव, रौनक सिंह, उमाशंकर, श्रेयश पांडेय, विवेक मिश्र, वेद शुक्ल, देवांश, सोनू मौर्य, हैपी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी सड़क का सदर विधायक ने किया था शिलान्यास
मोतिगरपुर। आम आदमी पार्टी ने जिस सड़क के निर्माण को मुद्दा बनाकर प्रदर्शन किया, उसका शिलान्यास सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने 28 मार्च 2025 को किया था। विधायक ने कहा कि 4.51 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होगा। फर्म ने सड़क के गड्ढों में गिट्टी डालकर समतल किया था। सात महीने का समय बीतने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो सका। खरगपुर, अहदा, अहिरौली सहित कई गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। संवाद