सुल्तानपुर। रेलवे ट्रैक पर युवती की लाश मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। रेलवे की ओर से कुड़वार थाने में सूचना भेजकर जानकारी दी गई है कि घटना के समय युुवती लीड लगाकर मोबाइल से बात कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार की देर शाम युवती का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया था। इस बीच बुधवार को युवती के भाई ने बहन के प्रेमी पर कुछ अन्य लोगों के साथ गैंगरेप का आरोप लगाते हुए हत्या किए जाने की तहरीर कुड़वार थाने में दी थी।
भाई का आरोप है कि उसकी बहन के साथ आरोपी युवक की बातचीत होती थी। बातचीत को लेकर आरोपी उसकी बहन को ब्लैकमेल करता था। इस संबंध में एसपी शिवहरी मीणा ने बताया कि शिवनगर स्टेशन मास्टर दुर्गेश कुमार की ओर से जानकारी दी गई कि 29 सितंबर को गाड़ी संख्या 03391 के लोको पायलट ने बताया कि एक लड़की ट्रैक के बीच में लीड लगाकर चल रही थी।
उसके हॉर्न बजाने पर भी युवती नहीं हटी और ट्रेन से कट गई। पुलिस ने युवती के घर वालों से पूछताछ की तो पता चला कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसका शहर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। फिर भी पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।