फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीनी मिल में खराबी, ठप रही गन्ना पेराई

Sun, 15 Dec 2013 05:43 AM IST
Sultanpur
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। कूरेभार स्थित किसान सहकारी चीनी मिल में शनिवार को सुबह तकनीकी खराबी से गन्ने की पेराई ठप हो गई। चार घंटे तक जूझी इंजीनियरों की टीम ने ओवरहीट हुई टरबाइन की बियरिंग को ठीक कर पेराई कार्य शुरू कराया। गन्ने की पेराई बंद होने से मिल के यार्ड में ट्रैक्टर से गन्ना लादकर आए किसानों की लंबी कतारें लग गईं।
विज्ञापन

शुभारंभ के बाद हिचकोले खा रही चीनी मिल शनिवार की सुबह चार बजे फिर बंद हो गई। सुबह तीन बजे के बाद ही टरबाइन की बियरिंग गर्म होने लगी थी। करीब छह बजे बियरिंग के ओवरहीट हो जाने से मिल बंद हो गई। मिल बंद होने की सूचना गन्ने की पेराई में लगे चीनी मिल कर्मियों ने जीएम आरबी कुरील को दी। इंजीनियरों ने ओवरहीट हुई बियरिंग की मरम्मत की। इस दौरान मिल में करीब चार घंटे गन्ने की पेराई बाधित रही। करीब 10 बजे मिल में दुबारा गन्ने की पेराई शुरू हो सकी। गन्ना की पेराई ठप होने से चीनी मिल को हजारों का नुकसान उठाना पड़ा। उधर, गन्ना की पेराई बंद होने से यॉर्ड में ट्रैक्टर-ट्राली पर लदे गन्ने की लंबी कतारें लग गई।
दूबेपुर ब्लॉक के बांसी गांव निवासी राजू सिंह ने बताया कि वे तीन दिन से गन्ने की तौल कराने के लिए इंतजार कर रहे हैं। मिल की खराब स्थिति के चलते किसानों को परेशानी हो रही है। जज्जौर गांव के दान बहादुर यादव ने कहा कि शुक्रवार की सुबह गन्ना लेकर मिल पहुंचे, लेकिन दूसरे दिन भी तौल नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि मिल यार्ड में चीनी मिल प्रबंधन की तरफ से गन्ना लेकर आए किसानों के लिए व्यवस्था नहीं की गई है। जयसिंहपुर ब्लॉक के अहिरौली गांव निवासी झिनकू का कहना है कि मिल की दयनीय स्थिति से गन्ना किसानों को काफी परेशानी हो रही है। जयसिंहपुर ब्लॉक के बालीपुर निवासी रवि वर्मा ने बताया कि वे गुरुवार की शाम को गन्ना लेकर आए थे। तीसरे दिन भी उनके गन्ने की तौल नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें