सुल्तानपुर। शहर से सटे इटकौली गांव में जल्द ही स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण होगा। प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का खर्च आएगा। संस्थान की ओर से शहर से सटे इटकौली गांव में करीब एक एकड़ की भूमि पर आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में महिला व पुरुष को मिलाकर करीब 50 लोगों के रहने की व्यवस्था रहेगी। विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षण के लिए क्लास रूम व प्रयोगशाला की सुविधा भी रहेगी। संस्थान की ओर से मौजूूदा वित्तीय वर्ष में करीब 750 बेरोजगारों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अधिकारियों की मानें तो प्रशिक्षण के दौरान आवासीय व्यवस्था नहीं होने से लोगों को ट्रेनिंग के लिए आने-जाने में दिक्कतें होती हैं। नए भवन के निर्माण से प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को सहूलियतें होंगी। बड़ौदा स्वरोजार विकास संस्थान के निदेशक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष में प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य शुरू होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को उनके ट्रेड के अनुसार स्वरोजगार की स्थापना के लिए बैंक की ओर से ऋण भी दिलाया जाएगा।