सुल्तानपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए जिले में शनिवार को एक साथ नौ उपकेंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी। पिछले माह विद्युत वितरण मंडल से भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। नौ नए उपकेंद्रों के निर्माण पर करीब 22 करोड़ रुपया खर्च आने का अनुमान है।
शासन की मंजूरी मिलने के बाद विद्युत वितरण खंड ने शिलान्यास की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को 11 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ से एक साथ सभी उपकेंद्रों का शिलान्यास करेंगे। सीएम के शिलान्यास के बाद स्थानीय स्तर पर अपने क्षेत्रों में विधायक शिलान्यास करेंगे। विद्युत वितरण खंड उपकेंद्रों का शनिवार को शिलान्यास कराने की तैयारियां पूरी कर ली है। उपकेंद्रों की आधारशिला रखे जाने के बाद उसका निर्माण शुरू हो जाएगा।
सभी उपकेंद्रों के लिए मिली जमीन
विद्युत वितरण मंडल ने ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए नौ उपकेंद्रों का प्रस्ताव पावर कॉर्पोरेशन को भेजा था। साथ ही उपकेंद्रों की स्थापना के लिए प्रशासन से भूमि मांगी थी। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने सभी उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध करा दी। जमीन मिलने के बाद शासन ने स्थापना की मंजूरी दे दी।
इन विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित होंगे उपकेंद्र
सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र में चार उपकेंद्रों की स्थापना होगी। इसमें शंकरगढ़, सिरवारा रोड, भांई व रामनगर कोट शामिल है। इसौली विधान सभा क्षेत्र में असरोगा व इसौली, सदर (जयसिंहपुर) विधानसभा क्षेत्र में ढेमा तथा लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में कोइरीपुर व भदैंया में 33/11 केवी के उपकेंद्रों की स्थापना होगी।
पारेषण के उपकेंद्र का लोकार्पण
सदर विधानसभा क्षेत्र के गोशैसिंहपुर में पारेषण के 132/33 केवी उपकेंद्र का शनिवार को लोकार्पण भी होगा। पारेषण ने इस उपकेंद्र को तैयार कर लिया है। मुख्यमंत्री लखनऊ से इस उपकेंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद स्थानीय विधायक अरुण वर्मा उपकेंद्र को जनता के लिए समर्पित करेंगे।
अमेठी में भी आठ उपकेंद्रों का होगा शिलान्यास
शासन ने अमेठी जनपद में भी 33/11 केवी के आठ नए उपकेंद्रों के स्थापना की मंजूरी दी है। शनिवार को अमेठी के भी सभी उपकेंद्रों का शिलान्यास मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ में 11 बजे करेंगे। सीएम के बाद स्थानीय स्तर पर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायक कार्यक्रम आयोजित कर शिलान्यास करेंगे। मंडल अधीक्षण अभियंता शुभचंद्र ने बताया कि सभी उपकेंद्रों की मंजूरी मिलने के बाद शिलान्यास की तैयारी कर ली गई है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शिलान्यास के बाद स्थानीय स्तर पर विधायकों की ओर से उपकेंद्रों का शिलान्यास शनिवार को कराया जाएगा।