मेडिकल कॉलेज का चिकित्सीय विंग। संवाद
सुल्तानपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए 76 शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरे जाएंगे। नियुक्तियों से मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलने के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई और प्रशिक्षण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्रधानाचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रोफेसर के 18, एसोसिएट प्रोफेसर के 27 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 31 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 23 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। एनेस्थीसिया, एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी समेत विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती संविदा और सीधी नियुक्ति के माध्यम से होगी।
डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से ओपीडी में मरीजों को परामर्श देने की क्षमता बढ़ेगी। इमरजेंसी में गंभीर मरीजों के उपचार में विशेषज्ञों की मदद मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलने के साथ क्लीनिकल अध्ययन और व्यावहारिक प्रशिक्षण के अधिक अवसर मिल सकेंगे।