संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। गर्मी बढ़ते ही जिले में 23 दिन में 207 ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। इनकों दुरुस्त करने में विभाग का आठ लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। बावजूद इसके बिजली व्यवस्था बदहाल है।
ट्रांसफार्मरों की क्षमता नहीं बढ़ाने से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर से लेकर गांव तक उपभोक्ता बिजली संकट से परेशान हैं। विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बिजली विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सुल्तानपुर प्रथम व द्वितीय, कादीपुर, लंभुआ और जयसिंहपुर डिवीजन में बीते 23 दिनों में 16 केवीए के 33, 25 केवीए के 119, 63 केवीए के 25, 100 केवीए के 15, 630 केवीए के तीन, 400 केवीए और 250 केवीए के दो-दो व 10 केवीए के आठ ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं।
ओवरलोडिंग से ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, जिसका दंश उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। जबकि ट्रांसफार्मरों की देखरेख के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी तय की गई है।
इसकी जांच कर लोड के आधार पर क्षमता बढ़ाने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड से रिपोर्ट मांगी जाती है। इसके बावजूद रोजाना ट्रांसफार्मर जल रहे हैं।