चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में नौ जिलों के छात्रों को अब अपने शैक्षिक प्रमाण पत्रों के लिए इधर-उधर चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें केवल सहायता केंद्र पर एक प्रार्थना पत्र देना होगा, जिससे तय समय में छात्रों की सभी परेशानियां दूर की जाएंगी। कर्मचारियों पर घूसखोरी का आरोप लगने और काम लटकने की वजह से विवि यह कदम उठाने जा रहा है।
कुलपति विक्रम चंद्र गोयल के मुताबिक छात्रों को कैंपस में कर्मचारियों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनके काम करने के लिए छात्र सहायता केंद्र बनाया जाएगा। नौ जिलों के कॉलेजों के छात्रों का चाहे जो काम हो, बस उन्हें केंद्र पर एक प्रार्थना पत्र और जरूरी हो तो जरूरी कागजात देने होंगे। प्रार्थना पत्र लेने के बाद छात्रों को केंद्र से बताया जाएगा कि उनका काम कब तक हो जाएगा। आमतौर पर सुबह दिए प्रार्थना पत्र का काम शाम चार बजे तक हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र से प्रार्थना पत्र संबंधित विभाग या सेक्शन में जाएगा। वहां से काम होकर वापस केंद्र पर जवाब पहुंचेगा। किस विभाग के पास कितने प्रार्थना पत्र गए और उनका क्या हुआ, इसका रिकार्ड रखा जाएगा। जवाबदेही भी तय होगी। अगर काम अगले दिन होगा तो उसके बारे में पहले ही बता दिया जाएगा। केंद्र पर ट्रेंड कर्मचारियों को बैठाया जाएगा। कुलपति ने रविवार को शिक्षकों के साथ इस बारे में मंत्रणा की। उन्होंने बताया कि आवश्यकता के हिसाब से 10 से लेकर 20 काउंटर बनाए जाएंगे।
पहले भी बना केंद्र
पूर्व कुलपति प्रोफेसर एचसी गुप्ता ने भी यह प्रयास किया था, काफी हद तक वह सफल रहा। उन्होंने कैंपस स्थित इलाहाबाद बैंक के पास छात्र समस्या निवारण केंद्र बनाया था। उन्होंने ऑनलाइन डाटा भी तैयार कराया। उनके जाते ही केंद्र बंद हो गया।
जल्द आएगा बैक परीक्षा का रिजल्ट
सीसीएसयू की मुख्य परीक्षा 2012 की बैक परीक्षा का रिजल्ट जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा। रविवार को हुई बैठक में कुलपति ने रिजल्ट की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि फाइनल ईयर का रिजल्ट तैयार है, दो-तीन दिन में घोषित कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि मूल्यांकन के बाद जो रिजल्ट तैयार होता है, उसे शिक्षक और कर्मचारियों द्वारा चेक किया जाता है। एक रोल नंबर का रिजल्ट चेक करने पर शिक्षक और कर्मचारियों को दो-दो रुपये मिलते हैं। कुलपति ने इस खर्च से मना कर दिया था। इस वजह से रिजल्ट रुक गया। अब तय हुआ कि बैक परीक्षा का रिजल्ट पुराने तरीके से ही आएगा। उसके बाद 2013 की मुख्य परीक्षा के फार्म भरने की तिथि घोषित की जाएगी।