लोकसभा चुनावों में करारी हार का बदला सपा अब अफसरों से चुकाएगी। मुरादाबाद मंडल के प्रत्याशियों और नेताओं ने लखनऊ में हुए मंथन के दौरान साफ-साफ अधिकारियों पर ही हार का ठीकरा फोड़ा। कहा गया कि अफसरों ने उनकी बात नहीं सुनी और पब्लिक के काम नहीं किए गए जिससे वोटर नाराज था और हार का सामना करना पड़ा। इस शिकायत के बाद माना जा रहा है कि मंडल से बड़े पैमाने पर अफसरों को दूर फेंका जाएगा।
इलेक्शन में हार की वजह पर मंथन के लिए लखनऊ में सोमवार को प्रदेश भर के प्रत्याशियों और नेताओं के साथ संगठन की बैठक थी। इस बैठक में हार के कारणों की तलाश की जा रही थी।
तमाम बिंदु उठे जिनमें भीतरघात से लेकर मोदी लहर और यादव और मुस्लिम वोटों के बंटने तक पर विचार हुआ लेकिन अपने मंडल के नेताओं ने हार की वजह यहां के अफसरों को ठहराया है।