पुलिस की पिटाई से घायल विकास मिश्रा
- फोटो : SONBHADRA
सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी टोल प्लाजा के पास बृहस्पतिवार को सुबह करीब दस बजे एक युवक को जाम लगने का कारण पूछना भारी पड़ गया। अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा कर्मियों ने युवक की लाठी डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। उसे गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने एसपी के नाम एएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
राबर्ट्सगंज नगर के रहने वाले विकास कुमार मिश्र अपने आवास से पटवध चोपन की ओर जा रहे थे। विकास एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनका कहना है कि सुबह करीब दस बजे वह लोढ़ी टोल प्लाजा पहुंचे तो वहां पहले से लगा जाम देख वहां उपस्थित लोगों से जाम के बारे में पूछने लगे। उसी दौरान वहां उपस्थित सुरक्षा कर्मियों को ये बात इतनी नागवार गुजरी की वे लाठी डंडे से उसकी पिटाई करने लगे। युवक को पीठ, जांघ और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित विकास ने पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के नाम मांगपत्र देकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।