युवाओं ने फेंका गोला, लगाई लंबी छलांग
नागपंचमी पर हुई खेल प्रतियोगिता, दंगल में भिड़े पहलवान
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपन। नागपंचमी पर शुक्रवार को दोपहर सेक्टर सी हनुमान मंदिर पर हर-हर महादेव कांवर सेवा समिति की ओर से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें कुश्ती, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक की स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ओबरा विधायक संजीव कुमार गोंड मौजूद रहे।
दंगल में बच्चों के बीच मुकाबले रोचक रहे। अखाड़े में 30 जोड़े पहलवानों ने जोर अजमाईश की। पहलवानों के बीच दो मिनट की कुश्ती प्रतियोगिता हुई। जीते पहलवानों को सम्मानित किया गया। मैच रेफरी पहलवान मेवालाल रहे। इस दौरान अंशु पटेल, अनिकेत श्रीवास्तव, प्रशांत पाल, गोविंद भारद्वाज, अवनीश पांडेय, शिवम बरनवाल आदि मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारी अंशु पटेल ने बताया कि हर-हर महादेव कांवर सेवा समिति की ओर से सावन के अंतिम सोमवार पर 16 अगस्त को महारुद्राभिषेक का आयोजन सुबह आठ बजे से किया जाएगा। उसके बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा।