जुगैल थाना अंतर्गत दुपटिया गांव में मंगलवार की दोपहर को बेकाबू कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की पत्नी और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें चोपन सीएचसी लाया गया जहां प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार ओबरा थाना अंतर्गत बिल्ली गांव निवासी सूरज कुमार (25), अपनी पत्नी मनीषा (24) और बहन अमरावती को लेकर जुगैल के जिरहि माता मंदिर में दर्शन पूजन को गए थे। दर्शन पूजन के बाद तीनों बाइक से ओबरा लौट रहे थे। दुपटिया गांव के समीप अचानक कार ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में सूरज कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि मनीषा व अमरावती घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने घायलों को चोपन सीएचसी पहुंचाया। उनकी गंभीर हाल देख डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर मौत की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार चल रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।