सोनभद्र जिले के ऐलाही गांव में सोमवार की रात युवक ने बिजली के टॉवर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब 15 दिन पहले उसके दादा की भी मौत हुई थी। इसके बाद से ही वह तनाव में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करमा थाना क्षेत्र के ऐलाही गांव निवासी रामजग यादव का पुत्र दिलीप (20) सोमवार की रात खाना खाकर घर से निकला। इसके बाद वह घर नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह ग्रामीणों ने उसका शव गांव के बाहर खड़े बिजली के टॉवर में गमछे के सहारे फंदे से लटकता मिला।
मानसिक स्थिति नहीं थी ठीक
सूचना पाकर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को नीचे उतारकर पुलिस ने छानबीन की। पिता रामजग के मुताबिक चार अक्तूबर को दादा रामदेव यादव का निधन हो गया था। रविवार को त्रयोदशाह कार्यक्रम था। इसके दूसरे दिन ही वह सोमवार की रात अचानक घर से निकल गया था। दिलीप की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी।