Sonbhadra News: पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद रात में उसे उसके घर छोड़ दिया गया था। किन परिस्थितियों में वह सुबह रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना के दौरान मृतक ने अपनी पीठ पर बैग टांग रखा था। वहीं घटना को लेकर नगर में तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
सोनभद्र क चोपन-सिंगरौली रेल मार्ग पर स्थित ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला के सामने शनिवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे 25 वर्षीय एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मालगाड़ी के नीचे आ गया, जिससे उसका शरीर दो भागों में कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
मालगाड़ी सलईबनवा स्टेशन की ओर से सिंगरौली की तरफ जा रही थी। घटना के बाद शव पटरी के बीच में होने के कारण उस ट्रैक से ट्रेनों का आवागमन लगभग दो घंटे तक बंद रहा। इस दौरान दूसरी पटरी से आवागमन संचालित कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के भाई परियोजना कर्मी संजीत कुमार निवासी 4 सीटी 63 ओबरा कालोनी ने घटना स्थल पर पहुंच शव की शिनाख्त अपने भाई बृजेश कुमार उर्फ मोनू (25) पुत्र स्व. देव कुमार के रूप में किया।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि मृतक नशे की चपेट में आ गया था। करीब दो वर्ष से उसका घरवालों के साथ कोई वास्ता नहीं था। मृतक का मूल निवास मुजफ्फरपुर बिहार बताया जा रहा है।
ओबरा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बृजेश को लोगों ने घर में घुसने का प्रयास करने पर लाकर पुलिस के हवाले किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया था कि उसके घरवालों ने उसे मारने के लिए दौड़ाया था। इसलिए डर से छुपने के लिए वह किसी के घर में घुसने का प्रयास कर रहा था।