पिछले चार माह से लापता युवक का कोई सुराग न मिलने से नाराज परिजन बुधवार को अमवार चौकी परिसर में धरने पर बैठ गए। गांव की महिलाओं के साथ धरनारत विकलेश की मां ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाया।
कहा कि पुलिस बेटे को ढूंढने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही। सुंदरी गांव निवासी विकलेश पांच जुलाई को अचानक लापता हो गया था। परिजनों के मुताबिक विकलेश गांव के ही रफीउद्दीन का ट्रैक्टर चलाने गया था। उसके बाद से वह घर नहीं लौटा।
काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। गुमशुदगी दर्ज करते हुए पुलिस ने गांव के ही रफीउद्दीन, उसके भाई अतशबुद्दीन, जलालुद्दीन, इकबाल सुंदरी के विरुद्ध केस दर्ज किया था। मुख्य आरोपी को जेल भी भेजा जा चुका है।
बावजूद विकलेश का कोई सुराग नहीं मिला है। चार माह से लापता बेटे से मिलने को व्याकुल मां विमला देवी, चचेरा भाई राजेश सहित गांव की अन्य महिलाएं बुधवार को अमवार चौकी परिसर में धरने पर बैठ गए। कहा कि पुलिस विकलेश को खोजकर जिंदा या मुर्दा लाए, तभी हम यहां से जाएंगे।
सूचना पाकर कोतवाल मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। कहा कि परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर एक मुख्य आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। लापता युवक की तलाश जारी है।