दुद्धी। झारो गांव से जोगीडीह तक रेलवे के दोहरीकरण कार्य में लगे ठेकेदारों और श्रमिकों का भुगतान नहीं हो रहा है। त्योहारों में भी बकाया न मिलने से क्षुब्ध श्रमिकों ने बृहस्पतिवार को दुद्धी कोतवाली पहुंच कर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और बकाया भुगतान कराने की मांग की।
दुुद्धी तहसील क्षेत्र के झारो गांव से जोगीडीह तक रेलवे के दोहरीकरण का कार्य कराने वाली कंपनी के अंतर्गत कई ठेकेदार काम कर रहे हैं। ठेकेदारों के माध्यम से श्रमिक काम कर रहे हैं। कंपनी ठेकेदारों का समय से भुगतान नहीं कर रही। इस नाते श्रमिकों का भी बकाया है। मेहनताना न मिलने से श्रमिक परेशान हैं। बृहस्पतिवार को काफी संख्या में श्रमिकों ने दुद्धी कोतवाली पहुंच कर पुलिस से बकाया भुगतान दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। बकाया भुगतान कराने की मांग की। श्रमिकों का ये भी आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोग धमकी भी देते हैं। अरविंद कुमार, दिलीप कुमार, चंदन कुमार, श्याम बिहारी, अशोक पांडेय, महेंद्र, प्रेमनाथ, दलबीर, विनोद आदि श्रमिकों का कहना है कि पिछले कई माह से वो ठेकेदार के कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन बकाया भुगतान नहीं हो रहा है। मजबूरी में पुलिस से मदद की गुहार लगानी पड़ी। इस संबंध में दुद्धी कोतवाल का कहना है कि श्रमिकों के प्रकरण के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।