म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के देवरी गांव में सर्पदंश से एक महिला की शनिवार देर शाम मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने रविवार दोपहर बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भेज दिया। देवरी की जीरा देवी (40) पत्नी गोपी की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक शनिवार की शाम को खेत में सुखी लकड़ियां बीन रही थी तभी उसे पैर में चार बार कांटे चुभने जैसा आभास हुआ।
इसके बावजूद वो लकड़ियां बीनती रही।तभी लकड़ियों के बीच से सांप निकलते देख शोर मचाती हुई घर की ओर भागी, जहां पहुंचकर उसने सांप काटने की बात परिजनों को बताकर बेहोश हो गई। परिजनों ने जीरा देवी को सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर झाड़-फूंक में लग गए।इससे उसकी शनिवार देर शाम मौत हो गई।सूचना पर रविवार दोपहर बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भेज दिया।