सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के करहिया गांव में शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी पर बाल्टी से हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल पार्वती (35) की उपचार के बाद मायके ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने पार्वती के भाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। प्राथमिकी दर्ज होने के करीब 10 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी पति संतलाल को घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बाल्टी भी बरामद की गई।
क्या है पूरा मामला
तहरीर के अनुसार, करहिया गांव निवासी संतलाल का पत्नी पार्वती के साथ शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर संतलाल ने बाल्टी से मारकर पत्नी पार्वती को घायल कर दिया। घटना के बाद संतलाल चला गया। पड़ोसियों ने पार्वती के मायके जामपानी में परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके भाई रामस्वरूप और रामकिशुन पहुंचे और पार्वती को म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
सीएचसी में उपचार के दौरान हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हिंडाल्को चिकित्सालय रेणुकूट ले गए। वहां प्राथमिक उपचार और दवा देने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। शुक्रवार की शाम परिजन उसे जामपानी स्थित मायके लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में पुलिस मुठभेड़: चेन स्नैचिंग करने वाले गोरखपुर के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
पुलिस ने 15 अगस्त को रामस्वरूप की तहरीर पर आरोपी पति संतलाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज होने के करीब 10 घंटे के भीतर 16 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे संतलाल निवासी करहिया को घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बाल्टी बरामद की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका के दो बेटे और एक बेटी हैं।