सलखन। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सलखन में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति एवं सम्मान में रविवार को विराट दंगल का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित दंगल में सोनभद्र के अलावा वाराणसी, मिर्जापुर और आसपास के जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए सुबह से ही अखाड़े के आसपास दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
दंगल में 20 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां होनी थी। इसके लिए मैदान में दिल्ली के पहलवान रामकृपाल यादव थे, लेकिन इनसे मुकाबले के लिए कोई पहलवान आगे नहीं आया। अखाड़े में उतरते ही पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले शुरू हो गए। पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए दांव-पेंच आजमाए। हर मुकाबले के दौरान दर्शक तालियों और उत्साहवर्धन से पहलवानों का हौसला बढ़ाते रहे। मुख्य मुकाबले में सलखन के पहलवान अजमल ने हाजीपुर के चुलबुल को पटखनी देकर 3000 रुपये की इनामी कुश्ती अपने नाम की। इसके अलावा हाजीपुर, वाराणसी, भवानीपुर, मिर्जापुर, सुकृत, सलखन और नौगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने भी अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
दंगल के दौरान पहलवानों के पारंपरिक दांव-पेंच और जोरदार मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। आयोजन समिति की ओर से पहलवानों और बाहर से आए अतिथियों का स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी इंतजाम किए गए थे। दंगल के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष विश्वधर दुबे, सुनील कुमार, जग्गा यादव, गुलाब चंद्र समेत ग्राम पंचायत के अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भारी भीड़ के बावजूद आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ सकुशल संपन्न हुआ।