सोनभद्र जिले में लोढ़ी बैरियर के पास खान अधिकारी के वाहन से टकराकर युवक घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पुलिस ने बताया कि खनन की गाड़ियों को युवक पास कराता था, अधिकारी की गाड़ी देख कर भाग रहा था, इसी दौरान जख्मी हुआ।
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत लोढ़ी में खनन बैरियर के पास मंगलवार को खान अधिकारी के वाहन से टकराकर एक युवक घायल हो गया। उसके सिर व कमर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रक मालिकों ने जान बूझकर वाहन से कुचलने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने युवक को पासर (खनन की गाड़ियों को पास कराने वाला) बताते हुए भागने के दौरान वाहन से टकराकर जख्मी होने की बात कही है। युवक पर केस दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
खान अधिकारी शैलेंद्र सिंह मंगलवार को वाहनों की जांच कर रहे थे। बताते हैं कि इसी दौरान दशरथ सिंह नाम का युवक वहां पहुंचा। अचानक खान अधिकारी के सरकारी बोलेरो की चपेट में आने से जख्मी हो गया। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रक मालिकों ने लगाया ये आरोप
घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ट्रक मालिक अस्पताल पहुंचे। उनका कहना था कि घटना के वक्त खान अधिकारी और उनका ड्राइवर वाहन में मौजूद थे। जानबूझकर युवक को बोलेरो से टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया गया है। इस संबंध में एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि युवक अवैध रूप से खनिज लदे ओवरलोड व बिना परमिट के वाहनों को पास कराने का काम करता है। उसके विरुद्ध रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
खनन बैरियर पर रुटीन जांच के दौरान खान अधिकारी को देखकर युवक वहां से भागने लगा। इस दौरान वह खान अधिकारी के वाहन से टकराकर जख्मी हो गया। खान अधिकारी की तहरीर पर युवक के विरुद्ध अवैध रूप से बिना परमिट वाहनों को पास कराने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है।