विकास खंड दुद्धी के धोरपा गांव में स्थापित जल संयंत्र के मेन पाइपलाइन में लीकेज के कारण क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में चार दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र पाइपलाइन मरम्मत की मांग की है।
जल निगम कर्मी विनोद गिरि के मुताबिक पंप हाउस से पानी टंकी में जाने वाले मेन पाइपलाइन में लीकेज होने से पानी टंकी तक नहीं पहुंच रहा है। इससे हुमेलदोहर, धोरपा, पकरी, हरपुरा आदि गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। लेकिन अभी तक ठीक नहीं कराया जा सका। क्षेत्र के अशोक कुमार, दिलीप कुमार, सरयू प्रसाद, कमलेश यादव, रामचंद्र, सुरेश कुमार आदि ग्रामीणों ने मेन पाइपलाइन में आई खराबी को दुरुस्त कर तत्काल पानी आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे।