चोपन। सलईबनवा में निर्माणाधीन सीमेंट कंपनी पर कार्य शुरू करने के लिए पूजन करने आए कंपनी के प्रतिनिधियों को ग्रामीणाें के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीण स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता सहित अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे थे। मामला तूल पकड़ने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर वार्ता कराई। इसके बाद लोग शांत हुए।
सलईबनवा में एक वर्ष पूर्व एसीसी कंपनी से ग्राइडिंग यूनिट लगाने की प्रक्रिया शुरू की थी। बाउंड्री कराने के बाद किन्हीं कारणों से काम बंद हो गया। इस बीच एसीसी कंपनी का अडानी ग्रुप ने अधिग्रहण कर लिया। शुक्रवार को अडानी ग्रुप के प्रतिनिधि सलईबनवा में भूमि पूजन करने पहुंचे। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीण मेन गेट पर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे।
रोजगार व अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे ग्रामीणों के उग्र रुप को देख कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे डाला चौकी पुलिस ने सुरक्षा के बीच भूमि पूजन कराया। उसके बाद ग्रामीणों की समस्या सुनीं। डाला चौकी प्रभारी बृजेश कुमार पांडेय की मौजूदगी में हुई वार्ता के कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को हर संभव मदद और योग्यता अनुसार काम देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण घर लौट गए।
प्रोजेक्ट हेड आशुतोष ने बताया कि ग्रामीणों का मांग पत्र ले लिया गया है। इसे कंपनी के शीर्ष प्रबंधन को भेजा जाएगा। यहां काम कराने वाले सेवा प्रदाता के माध्यम से ग्रामीणों को काम दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान शशिकांत यादव, मनोज कुमार, शिव प्रसाद, मंगला प्रसाद, पंकज जायसवाल, रविन्द्र, मंजू, दुर्गावती, नागेंद्र, आशीष आदि मौजूद रहे।